विदिशा स्थित श्री हरि वृद्ध आश्रम में शिक्षा विभागीय गो सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण सेवा समिति की ओर से रविवार को ‘सुपर संडे’ सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आश्रम के वृद्धजनों और दिव्यांग बच्चों की सेवा की गई।
दिव्यांग बच्चों को कराया गया स्वल्पाहार
समिति के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में आश्रम में निवासरत बुजुर्गों की देखभाल की गई और दिव्यांग बच्चों को पौष्टिक स्वल्पाहार वितरित किया गया। सेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि समाज के उपेक्षित एवं वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन नियमित रूप से किए जा रहे हैं।
सेवानिवृत्त कर्मचारी का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मंडी डाकघर से सेवानिवृत्त कर्मचारी सुभाष तालेगांवकर को उनकी समाजसेवा के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर तालेगांवकर ने वृद्धजनों को 10 डबल बेडशीट भेंट कीं तथा आश्रम में विशेष भोजन व्यवस्था के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। कार्यक्रम में उनके परिजन मंजू तालेगांवकर, शिक्षिका शुभांगी तालेगांवकर और शुभम तालेगांवकर भी मौजूद रहे।


