खरगोन जिले के ऐतिहासिक नगर मंडलेश्वर में राजाधिराज भगवान श्री काशी विश्वनाथ की 28वीं शाही सवारी से पूर्व रविवार को भगवान को मां नर्मदा के पावन जल में नौका विहार कराया गया।
फूलों से सजी नौका में हुआ जल विहार
श्री काशी सेवा समिति के दो दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत मंदिर में वैदिक रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। शाम को भगवान की पालकी ढोल-ताशों के साथ नर्मदा तट स्थित श्रीराम घाट पहुंची, जहां फूलों से सुसज्जित नौका में भगवान को विराजित कर अमृत नौका विहार कराया गया। तत्पश्चात घाट पर महाआरती की गई।

सोमवार को नगर भ्रमण पर निकलेगी शाही सवारी
रविवार रात श्रीराम घाट पर आयोजित भजन संध्या में श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों का आनंद लिया। सोमवार दोपहर से भगवान काशी विश्वनाथ की भव्य शाही सवारी निकलेगी, जिसमें नगर के अन्य प्रमुख शिवालयों और मां दुर्गा की सवारियां भी शामिल होंगी।

