खरगोन नगर के अधिष्ठाता भगवान सिद्धनाथ महादेव का 58वां पावन शिवडोला रविवार को अपार जनसैलाब और धार्मिक उत्साह के बीच निकाला गया। राजसी पालकी के मंदिर प्रांगण से बाहर आते ही मध्यप्रदेश पुलिस बैंड ने सलामी दी।
27 झांकियां और ढोल-ताशों के साथ चार किमी का भ्रमण
श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान सिद्धनाथ की पालकी का स्वागत किया। पूरा नगर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय शिव शंभू’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। इस विशाल धार्मिक आयोजन में 27 आकर्षक झांकियां, 9 सांस्कृतिक नृत्य दल और 10 ढोल-ताशा पार्टियां शामिल हुईं। करीब चार किलोमीटर का नगर भ्रमण कर डोला पुनः मंदिर पहुंचा। व्यापारियों ने स्वेच्छा से बाजार बंद रखकर डोले में भाग लिया, वहीं मार्ग में 80 से अधिक सेवा स्टॉल लगाकर प्रसादी वितरित की गई।

कड़े सुरक्षा घेरे में संपन्न हुआ आयोजन
लाखों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस ने व्यापक प्रबंध किए। एक हजार से अधिक पुलिस जवान, 300 सीसीटीवी कैमरे और छह निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे जुलूस मार्ग पर सतत नजर रखी गई।


