दमोह से इंदौर की ओर जा रही राहुल ट्रैवल्स की एक यात्री बस रविवार तड़के लगभग 3:30 बजे विदिशा के धतुरिया में ओलंपस हाई स्कूल के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में पलट गई।
तड़के झपकी आने से बिगड़ा बस का संतुलन
बस में कुल 35 यात्री सवार थे और अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज गति में चल रही बस के चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन हाईवे से उतरकर सीधे खेत में जा गिरा। दुर्घटना के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और आगे की सीटों पर बैठे तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसके खिलाफ पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे किया गया।


