उज्जैन जिले की नागदा तहसील स्थित अति प्राचीन नागेश्वरधाम मंदिर से भादौ मास के प्रथम सोमवार को भगवान भोलेनाथ की पारंपरिक शाही सवारी श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जाएगी।
दोपहर 3 बजे प्रारंभ होगा चल समारोह
नागेश्वर टीम एवं शिवभक्तों के तत्वावधान में दोपहर 3 बजे मंदिर परिसर से भगवान की सुसज्जित पालकी रवाना होगी। ढोल-नगाड़ों और धार्मिक ध्वजाओं के साथ यह शाही सवारी नगर के मुख्य बाजारों और चौराहों से होते हुए लगभग दो किलोमीटर मार्ग का परिभ्रमण करेगी। रास्ते में जगह-जगह मंच बनाकर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा की जाएगी।
मंदिर परिसर में महाआरती के साथ समापन
नगर भ्रमण के उपरांत सवारी पुनः नागेश्वरधाम मंदिर पहुंचेगी, जहां पं. पवन दुबे के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ की भव्य महाआरती संपन्न होगी। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं में महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।


