भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर सलामतपुर क्षेत्र अंतर्गत अधूरी पुलियाएं और सुरक्षा रेलिंग का अभाव वाहन चालकों के लिए गंभीर जोखिम का सबब बना हुआ है। सुरक्षा संकेतकों की अनुपस्थिति से रात के समय दुर्घटनाओं की संभावना अत्यधिक बढ़ गई है।
अतिसंवेदनशील स्थल और बुनियादी सुरक्षा की अनदेखी
सलामतपुर नहर पुलिया, बेरखेड़ी चौराहा, कुल्हाड़ियां पेट्रोल पंप एवं नाना ढाबा के समीप स्थित पुलियाओं पर सुरक्षा दीवारों की कमी है। इस प्रमुख मार्ग से प्रतिदिन लगभग 10 हजार छोटे-बड़े वाहन उत्तर प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात की ओर आवागमन करते हैं। रात के समय रोशनी, रेडियम स्टीकर तथा ब्लिंकर न होने से तेज गति वाहनों के असंतुलित होने का अंदेशा बना रहता है।
पूर्व हादसों के बावजूद नहीं जागा निर्माण विभाग
कुछ माह पूर्व इसी मार्ग पर नहर के मोड़ के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गिर गई थी, जिसमें दो लोगों की जान चली गई थी। इसके उपरांत भी विभाग द्वारा स्थाई सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं कराया गया। स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों ने लोक निर्माण विभाग से तत्काल मजबूत क्रैश बैरियर और संकेतक लगाने की मांग दोहराई है।


