हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर सीहोर हॉकी संघ और मास्टर गेम एसोसिएशन हॉकी फीडर सेंटर द्वारा संयुक्त रूप से राष्ट्रीय खेल दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। इस दौरान खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाली युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने दिए सफलता के मंत्र
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने युवा खिलाड़ियों से संवाद करते हुए खेल में निरंतर अभ्यास, कड़े अनुशासन और खेल भावना को सफलता का मूलमंत्र बताया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ जीवन में नेतृत्व क्षमता का निर्माण करते हैं। होमगार्ड के महेंद्र वर्मा एवं कंपनी कमांडेंट चंदेरिया ने भी खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित किया।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र भेंट
समारोह में राज्य एवं जिला स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खेल अधिकारी रूबिका दिवान, सीहोर हॉकी संघ अध्यक्ष राजीव गुजराती, संरक्षक अखिलेश राय, डॉ. अनीस खान, पूर्व ओलंपियन राजाराम, पूर्व पार्षद शमीम अहमद और कोच अफशा अहमद सहित अनेक खेलप्रेमी मौजूद रहे।


