भारतीय सेना में शामिल होने के इच्छुक युवाओं के लिए सेना भर्ती कार्यालय भोपाल द्वारा अग्निवीर (क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी) संवर्ग की शारीरिक एवं चिकित्सकीय भर्ती रैली 11 अक्टूबर को सागर स्थित इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित की जाएगी।
15 जिलों के सीईई उत्तीर्ण अभ्यर्थी होंगे शामिल
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) में सफलता हासिल करने वाले रायसेन, भोपाल, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, बैतूल, हरदा, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम सहित 15 जिलों के शॉर्टलिस्टेड अभ्यर्थी इस रैली में हिस्सा लेंगे। सेना द्वारा सभी पात्र उम्मीदवारों के पंजीकृत ई-मेल पते पर एडमिट कार्ड भेजे जा चुके हैं।
दस्तावेजों और शारीरिक दक्षता की होगी जांच
रैली स्थल पर अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, मूल निवासी, जाति प्रमाण पत्र, एनसीसी एवं खेल प्रमाणपत्रों की जांच के साथ शारीरिक दक्षता परीक्षण (दौड़, बीम व माप) आयोजित किया जाएगा। भर्ती अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपने सभी मूल दस्तावेजों और निर्धारित प्रारूप में शपथ पत्र के साथ समय पर भर्ती स्थल पर उपस्थित हों और किसी भी बिचौलिए या दलाल के झांसे में न आएं।


