नर्मदापुरम जिले के इटारसी अनुभाग अंतर्गत तवानगर और रानीपुर के सघन वन क्षेत्रों में तेंदुए की सक्रियता बढ़ने के बाद वन विभाग ने सीमावर्ती गांवों में सुरक्षा चेतावनी जारी की है।
ग्रामीण इलाकों में तेंदुए का वीडियो सामने आया
तवानगर क्षेत्र के पास जंगल से सटे मार्गों पर तेंदुए की आवाजाही का वीडियो सामने आने के बाद आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है। यह क्षेत्र सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के नजदीकी गलियारे से सटा हुआ है, जहां पूर्व में बाघ और अन्य हिंसक वन्यजीवों का विचरण भी दर्ज किया गया है।
ग्रामीणों को अकेले जंगल न जाने की हिदायत
वन विभाग के गश्ती दल ने तवानगर और रानीपुर अंचल के ग्रामीणों से सुबह और शाम के समय खेतों अथवा जंगल में अकेले न जाने का आग्रह किया है। किसानों को समूहों में काम करने और मवेशियों को सुरक्षित बाड़ों में रखने की सलाह दी गई है। वन अमला लगातार क्षेत्र में निगरानी और पेट्रोलिंग कर रहा है।


