मध्य प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सरकार 1 सितंबर को लैपटॉप योजना की राशि जारी करेगी।
मुख्यमंत्री करेंगे सिंगल क्लिक से राशि का अंतरण
प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत प्रदेश के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के पात्र छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से सिंगल क्लिक के माध्यम से 25-25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि ट्रांसफर करेंगे।
पारदर्शी प्रक्रिया से चयनित हुए हजारों विद्यार्थी
स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिलों में पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों और दस्तावेजों का सत्यापन पूरा कर अंतिम सूची तैयार कर ली है। अकेले विदिशा जिले में 2,803 मेधावी विद्यार्थी इस योजना से लाभान्वित होंगे। राशि अंतरण के पश्चात विद्यालयों के स्तर पर सम्मान समारोह आयोजित कर विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए जाएंगे।


