मुरैना जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में महिला की मृत्यु हो गई, जबकि उसके पति गंभीर रूप से घायल हो गए।
बीमार रिश्तेदार से मिलकर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, अम्बाह के पूठा श्यामपुर कलां निवासी सतेंद्र सिंह (38), जो रेलवे की पेंट्रीकार में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं, करीब एक माह पूर्व अवकाश पर घर आए थे। वे शनिवार को अपनी पत्नी संतोषी (32) के साथ बाइक से ग्वालियर में अपने बीमार भतीजे को देखने गए थे। रात में वापसी के दौरान नूराबाद में जीडी कोनिका स्कूल के समीप पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल में महिला ने तोड़ा दम, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत संतोषी को मृत घोषित कर दिया। घायल सतेंद्र का उपचार जारी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है।


