मुरैना जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पगारा बांध में रविवार दोपहर नहाने के दौरान एक व्यक्ति गहरे पानी में समा गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
नहाने के दौरान गहरे पानी में फिसला पैर
मुरैना गांव निवासी एवं वर्तमान में जौरा में निवासरत 42 वर्षीय सूरज कुशवाहा रविवार दोपहर करीब एक बजे पगारा बांध पर पहुंचे थे। नहाते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में डूब गए। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर थाना प्रभारी पंकज यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे और तत्काल एसडीआरएफ को अलर्ट किया गया। गोताखोरों की मदद से देर शाम तक तलाशी अभियान जारी रहा।
लगातार हो रहे हादसों के बावजूद नहीं लग रही रोक
पगारा बांध पर पिछले दो वर्षों के दौरान नहाने और सेल्फी लेने के चक्कर में 12 से अधिक लोग जान गंवा चुके हैं। स्थानीय प्रशासन, एसडीएम शुभम शर्मा और एसडीओपी नितिन बघेल द्वारा समय-समय पर चेतावनी बोर्ड लगाने और जलक्षेत्र में न जाने की अपील करने के बावजूद लोग जोखिम उठा रहे हैं। प्रशासन ने पर्यटकों से बांध के गहरे पानी में न उतरने की पुनः कड़ी चेतावनी दी है।


