इंदौर के प्रमुख पर्यटन व प्राकृतिक स्थल पीपल्यापाला रीजनल पार्क के विशाल तालाब में पहली बार दुर्लभ जलपक्षी पेंटेड स्टॉर्क (चित्रित सारस) का एक बड़ा झुंड डेरा डाले हुए देखा गया है।
तालाब के उथले पानी में मछली और जलीय जीवों की तलाश
लंबी पीली-नारंगी चोंच, सफेद-काले शरीर और पंखों पर मनमोहक गुलाबी आभा वाले इन खूबसूरत पक्षियों को तालाब के किनारे शांत वातावरण में भोजन की तलाश करते देखा गया। सामान्यतः खुले और शांत नमभूमियों में पाए जाने वाले इन पक्षियों का शहर के मध्य स्थित झील पर इतनी बड़ी संख्या में आगमन पर्यावरण प्रेमियों और पक्षी विशेषज्ञों के लिए सुखद संकेत है।
पक्षी विज्ञानियों के अनुसार यह प्रजाति मीठे पानी के उथले क्षेत्रों में पाई जाने वाली छोटी मछलियों और जलीय कीटों पर निर्भर रहती है।
शहरी जैव विविधता का केंद्र बना पीपल्यापाला जलाशय
पर्यावरणीय और वैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार पीपल्यापाला रीजनल पार्क और उसके आसपास के प्राकृतिक परिवेश में अब तक 79 से अधिक स्थानीय व प्रवासी पक्षी प्रजातियों की मौजूदगी दर्ज की जा चुकी है।
शहरीकरण के बढ़ते दबाव के बीच यह जलस्रोत पक्षियों के लिए एक सुरक्षित पर्यावास सिद्ध हो रहा है, जिसे संरक्षित रखने हेतु प्रदूषण रोकथाम पर विशेष बल दिया जा रहा है।


