हरदा जिले में किसानों को एकल डिजिटल पहचान प्रदान करने के लिए गांव-गांव विशेष अभियान चलाकर फार्मर्स आईडी तैयार की जा रही है।
एकल डिजिटल पहचान से जुड़ेंगी सभी सुविधाएं
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के अनुसार राजस्व और कृषि विभाग के शासकीय दल ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर किसानों की फार्मर्स आईडी बना रहे हैं। यह आईडी किसानों की प्रामाणिक डिजिटल पहचान बनेगी, जिसमें भू-अभिलेख, बोई गई फसल का रकबा, पशुधन और विभिन्न योजनाओं के तहत प्राप्त लाभों का संपूर्ण डेटा सुरक्षित रहेगा।
डिजिटल कृषि मिशन का विस्तार
देश के कई राज्यों में सफल पायलट प्रोजेक्ट के बाद अब डिजिटल कृषि मिशन को पूरे जिले में व्यापक रूप से लागू किया जा रहा है। इस व्यवस्था से फसल क्षतिपूर्ति, किसान क्रेडिट कार्ड, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन और सरकारी अनुदान का लाभ सीधे एवं बिना किसी बिचौलिए के किसानों के खाते तक पहुंचेगा।


