राजधानी भोपाल के विभिन्न वार्डों में वर्षा काल के दौरान उत्पन्न जलभराव, सीवेज जाम और सफाई अव्यवस्था की शिकायतों पर नगर निगम के मैदानी अमले ने त्वरित कार्रवाई शुरू की है।
मंदिर परिसर से जल निकासी और कचरा पॉइंट की सफाई
वार्ड क्रमांक 66 स्थित इंद्रपुरी दुर्गा मंदिर परिसर में बारिश और नाले का गंदा पानी भर जाने की शिकायत पर निगम अमले ने मौके पर पहुंचकर पंपों के जरिए पानी की त्वरित निकासी कराई। इसी प्रकार जोन क्रमांक 17 अंतर्गत करोंद में कासिम मस्जिद के निकट लंबे समय से जमा कचरे के ढेर को सहायक स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में हटाकर क्षेत्र को सैनिटाइज कराया गया।
जहांगीराबाद और गौतम नगर में सीवेज सुधार के निर्देश
गौतम नगर में क्षतिग्रस्त नाले के चैंबर ढक्कन को बदलने, जहांगीराबाद में ओवरफ्लो हो रही सीवेज लाइन की मरम्मत, प्रोफेसर कॉलोनी स्थित पार्क की नियमित स्वच्छता तथा टीला जमालपुरा की वसुंधरा कॉलोनी में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू करने के लिए संबंधित इंजीनियरों और कर्मचारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।


