सागर जिले के खुरई में सागर नाका चौराहा स्थित एक पेट्रोल पंप पर बीड़ी पीने से मना करने पर तीन युवकों ने कर्मचारी पर जानलेवा हमला कर दिया और संचालक के मकान में घुसकर भारी तोड़फोड़ की।
बीड़ी पीने से टोकने पर शुरू हुआ विवाद
पेट्रोल पंप संचालक सुरेश यादव द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, कर्मचारी जितेंद्र राजपूत वाहनों में ईंधन भर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार मोहित अहिरवार, योगेश अहिरवार और अन्नू अहिरवार वहां पहुंचे। योगेश ने सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए पंप परिसर में बीड़ी सुलगा ली। कर्मचारी द्वारा मना करने पर तीनों गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए।
घर में घुसकर तोड़फोड़ और रॉड से हमला
जान बचाने के लिए कर्मचारी संचालक के घर की तरफ भागा, तो आरोपियों ने पीछा कर घर के अंदर टीवी, कांच और पेट्रोल पंप मशीन में तोड़फोड़ कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रदीप यादव के सिर पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अतिरिक्त विवेक यादव और राहुल चढ़ार को भी चोटें आईं। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
