नर्मदापुरम कोतवाली थाना पुलिस ने शहर के जुमेराती इलाके में बंद पड़े एक सूने मकान का ताला तोड़कर की गई चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया।
ताला तोड़कर आभूषण और सामान पर किया था हाथ साफ
पुलिस के अनुसार जुमेराती स्थित रामजानकी मंदिर के पास स्थित पुराने मकान की मालकिन उमा गौरेले ने 30 अगस्त को थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध घर में घुसकर कीमती सामान और नकदी चुराने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मकान सूना होने के कारण चोरों ने आसानी से ताले तोड़ दिए थे।
मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी से पकड़े गए आरोपी
शिकायत दर्ज होने के उपरांत कोतवाली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय मुखबिरों की मदद ली। संदेही युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सामग्री जब्त कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
