मध्य प्रदेश के प्रमुख एजुकेशन हब इंदौर में 12 सितंबर को नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
मंच पर केवल छात्रों को मिलेगा स्थान
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम के दौरान मंच पर राहुल गांधी के साथ केवल छात्र प्रतिनिधि ही उपस्थित रहेंगे और किसी भी वरिष्ठ राजनेता को मंच पर स्थान नहीं दिया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और कॉलेज छात्रों से सीधा संवाद स्थापित करना है।
पेपर लीक और बेरोजगारी पर रहेगा फोकस
पार्टी ने इंदौर के सभी प्रमुख कोचिंग हब, छात्रावासों और कॉलेजों में संपर्क अभियान चलाने के लिए ब्लॉक एवं विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारियां बांटी हैं। कांग्रेस का दावा है कि इस महासंवाद में प्रदेश भर से 50 हजार से अधिक छात्र शामिल होंगे, जहां भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी, पेपर लीक, महंगी उच्च शिक्षा और रोजगार के संकट जैसे ज्वलंत मुद्दों पर विमर्श होगा।
